मुंबई : महाराष्ट्र में एक बार फिर से भारी बारिश का खतरा मंडरा रहा है। राज्य आपत्कालीन कार्य केंद्र की ओर से जानकारी दी गई है कि रायगढ़ जिला और पुणे घाट क्षेत्रों में 28 सितंबर 2025 के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा मुंबई शहर, मुंबई उपनगर, पालघर, ठाणे, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, नाशिक, सातारा घाट, कोल्हापुर घाट और छत्रपती संभाजीनगर जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) और राष्ट्रीय रिमोट सेंसिंग केंद्र के साथ मिलकर लगातार हालात पर नजर रखी जा रही है। ‘सचेत’ प्रणाली के माध्यम से नागरिकों को समय-समय पर सतर्क रहने की चेतावनी भेजी जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
वहीं, सोलापुर जिले में सीना नदी वडकबाळ क्षेत्र में चेतावनी स्तर से ऊपर बह रही है, जबकि टाकली में भीमा नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर को पार कर चुका है। पानी की बढ़ती मात्रा को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की दो टीमें तैनात की गई हैं। स्थिति बिगड़ने पर नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की तैयारी भी की जा रही है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा न करें और आधिकारिक अलर्ट व सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।